वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने ‘एप्पल आईफोन’ फैक्ट्री में की तोड़फोड़, जमकर मचाया उत्पात

0
9

बंगलुरु / कर्नाटक में एप्पल आईफोन बनाने वाली फैक्ट्री में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। यह फैक्ट्री कर्नाटक के कोलार जिले के नरसापुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। बताया जा रहा है कि यहां काम करने वाले कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिला था, जिसके चलते उन्होंने जमकर उत्पात मचाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। साथ ही, कुछ लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें कई महीने से वेतन नहीं मिला।

कंपनी बार-बार वेतन देने का आश्वासन देती रही, लेकिन उन्हें पैसे नहीं दिए गए। इससे उनका गुजारा चलना बेहद मुश्किल हो गया है। ऐसे में कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने तोड़फोड़ कर डाली। जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक के कोलार जिले में नरसापुर औद्योगिक क्षेत्र है। यहां ताईवान की एक कंपनी विस्ट्रॉन एप्पल आईफोन बनाती है। इस कंपनी की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने कांच के दरवाजे और केबिन तोड़ डाले। यह हंगामा काफी देर तक चलता रहा।

कर्मचारियों ने फैक्ट्री में खड़े कुछ वाहनों को आग लगा दी। साथ ही, फैक्ट्री में पत्थरबाजी भी की। इसके अलावा कंपनी के बोर्ड को भी आग के हवाले कर दिया। कर्मचारियों के गुस्से को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हिंसक प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बल प्रयोग करके सभी उपद्रवियों को मौके से खदेड़ दिया। कंपनी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े : CBI की ‘सेफ कस्टडी’ से गायब हुआ करोड़ों का सोना , 103 किलोग्राम सोना गायब होने के बाद CBI ने अपने ही अफसरों के खिलाफ दिए जांच के आदेश