शर्मनाक! पति को बंधक बनाकर 17 लोगों ने किया महिला के साथ गैंगरेप, एक आरोपी गिरफ्तार

0
9

रांची /  झारखंड के दुमका से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पति के सामने ही 17 लोगों ने महिला के साथ गैंगरेप किया जिसके बाद बुधवार को इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मंगलवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक इलाके में यह अपराध हुआ, जब पांच बच्चों की मां अपने पति के साथ मेले से घर लौट रही थी। आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाश दोनों पर हावी हो गए और महिला के साथ गैंगरेप किया।

अपराध की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक अभियान चलाया है। पीड़िता के पति का कहना है कि गांव में हर मंगलवार को बाजार लगता है। वो अपनी पत्नी के साथ करीब आठ बजे बाजार से घर लौटकर घर आ रहा था।

पति ने आगे बताया कि रास्ते में नशे में धुत करीब 17 लड़के खड़े थे। उनमें से पांच लड़कों ने उसे और दो ने पत्नी को पकड़ लिया। बाकी लड़के पत्नी को उठाकर झाड़ियों की तरफ ले गये, फिर बारी-बारी करीब 12 बजे रात तक गैंगरेप किया। घटना के बाद सभी ने किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

गैंगरेप की बात सामने आने के बाद डीआईजी और एसपी मुफ्फसिल थाना पहुंचे और महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला के बयान पर मामला दर्ज कराया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि एक आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पीड़िता की शादी दुमका जिले के काठीकुंड क्षेत्र में हुई है। उसका मायका घांसीपुर पंचायत अन्तर्गत है। वह पति के साथ एक माह पहले मायका आई हुई थी। यहां धान की फसल काटने के लिए दंपति आए थे। विवाहिता ने अपने तीन बच्चे को ससुराल में छोड़ दिया था। बाकी दो बच्चे के साथ दंपति मायके आई थी। धान कटाई के बाद दोनों घांसीपुर साप्ताहिक हाट से सामान लेने चले गए थे। वापस लौटने के दौरान युवकों ने घटना को अंजाम दे दिया।

डीआईजी सुदर्शन मंडल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने मामले को संदेहात्मक बताते हुए कहा कि पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। बता दें कि कि इससे पहले भी दुमका में 17 युवकों ने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था जिसमें पुलिस ने तुरंत ही एक्शन लेते हुए आरोपियों को पकड़ कर जेल भेज दिया था।