मुंबई / टेलीविजन का पॉपुलर शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने सवाल और इनाम जीतने वालों को लेकर हमेशा चर्चा में रहा है | लेकिन इस बार केबीसी एक सवाल की वजह से उठे विवाद के कारण चर्चा में है | वैसे तो केबीसी के दौरान पूछे जाने वाले सवालों को लेकर कई लोग आपत्ति जता चुके हैं | लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ गया है कि एक शख्स ने तो अमिताभ बच्चन और कार्यक्रम के खिलाफ ही पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है |

कौन बनेगा करोड़पति शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने एक सवाल पूछा था | बहुत से लोग उस सवाल को लेकर बवाल मचा रहे हैं | सोशल मीडिया से लेकर हर जगह इसकी चर्चा हो रही है | दरअसल KBC के एक एपिसोड में सामाजिक कार्यकर्ता बेजवाड़ा विल्सन और एक्टर अनूप सोनी पार्टिसिपेंट के तौर पर शामिल हुए थे। उनसे 6.40 लाख रुपए के प्वाइंट पर सवाल किया गया था।

सवाल था कि 25 दिसंबर 1927 को डॉ. अंबेडकर और उनके समर्थकों ने किस धार्मिक पुस्तक की कॉपियां जलाई थीं। इनके ऑप्शन दिए गए थे- A- विष्णु पुराण, B- भगवदगीता, C- ऋगवेद और D- मनुस्मृति।इस सवाल का जवाब था- मनुस्मृति। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने दर्शकों को बताया कि डॉ. अंबेडकर ने जिस मनुस्मृति की निंदा की थी, उसकी कॉपियां 1927 में कैसे जलाई गईं। सोशल मीडिया पर इसका विरोध शुरू हो गया और यूजर्स ने कहा कि ये हिंदुओं की भावनाओं को चोट पहुंचाना है।
जानकारी के मुताबिक समाज के एक वर्ग को यह सवाल और उसकी व्याख्या पसंद नहीं आई, जिसके बाद लखनऊ में उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया गया। इसके साथ ही शो को बॉयकॉट करने की मांग भी उठ रही है।
