
असम: देश की रक्षा क्षमता को मजबूती देते हुए असम में एक नई आपात लैंडिंग सुविधा (ELF) की औपचारिक शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डिब्रूगढ़ जिले के मोरन बाईपास पर तैयार की गई इस हवाई पट्टी पर उतरे। उनके उतरते ही यह हाइवे स्ट्रिप भारतीय वायुसेना के रणनीतिक नेटवर्क का अहम हिस्सा बन गई।प्रधानमंत्री मोदी C-130J Super Hercules से इस आपात लैंडिंग पट्टी पर पहुंचे। यह क्षण इसलिए भी खास रहा क्योंकि पूर्वोत्तर भारत में इस तरह की यह पहली इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा है, जिसे युद्ध या आपदा की स्थिति में उपयोग में लाया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री के आगमन के तुरंत बाद भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान Sukhoi Su-30MKI ने इसी एयरस्ट्रिप से उड़ान भरी। पीएम मोदी और उपस्थित अधिकारियों ने इस ऐतिहासिक टेकऑफ को देखा। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग भी वायुसेना के लिए रनवे का काम कर सकते हैं।डिब्रूगढ़ के मोरन बाईपास पर विकसित यह सुविधा न केवल आपात हालात में सैन्य अभियानों को गति देगी, बल्कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारत की सामरिक तैयारी को भी नई धार देगी। कार्यक्रम के दौरान फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट विमान और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन भी किया गया, जिसने इस ऐतिहासिक मौके को और खास बना दिया।



