
दिल्ली। तमिलनाडु के सलेम में शुक्रवार को विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की रैली के दौरान 37 वर्षीय समर्थक की कथित हीटस्ट्रोक से मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र मूल का सूरज, जो कई वर्षों से सलेम में रह रहा था, रैली में विजय से मिलने पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान उसने सीने में दर्द की शिकायत की और अचानक गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि कुछ समय पहले उसकी एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना पर विपक्षी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता कोवई सत्यन ने तंज कसते हुए कहा कि विजय की रैलियों में शामिल होने वालों को ताबूत साथ लेकर जाना चाहिए।
उन्होंने घाना के चर्चित “डांसिंग पेलबियरर्स” का वीडियो भी साझा किया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2025 को करूर में विजय की रैली के दौरान भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसी बीच मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बताया कि उनकी सरकार ने ‘कलैगनार महिला अधिकार योजना’ के तहत 1.31 करोड़ महिलाओं के खातों में 5,000 ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने कहा कि 3,000 तीन महीनों की किस्त और 2,000 समर स्पेशल पैकेज के रूप में दिए गए। स्टालिन ने वादा किया कि सत्ता में वापसी पर मासिक सहायता 1,000 से बढ़ाकर 2,000 की जाएगी।
234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा के चुनाव इस साल संभावित हैं। राजनीतिक माहौल गरम है और रैलियों, योजनाओं व आरोप-प्रत्यारोप के बीच चुनावी सरगर्मी तेज होती दिख रही है।



