
कर्नाटक के तुमकुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर तांत्रिक के बहकावे में आकर एक महिला ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। मृतका की पहचान 55 वर्षीय पुष्पावती के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उनकी बेटी सुचित्रा बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, सुचित्रा अपने पति के साथ तुमकुर में रहती थी। करीब डेढ़ साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद वह एक ज्योतिषी के संपर्क में आई।

आरोप है कि उस तांत्रिक ने उसे विश्वास दिलाया कि उसके पिता की मौत के पीछे उसकी मां द्वारा किया गया काला जादू जिम्मेदार है।बताया जा रहा है कि इसी बात से प्रभावित होकर सुचित्रा अपनी मां के घर पहुंची और जब वे सो रही थीं, तब कथित तौर पर तकिए से उनका दम घोंट दिया। घटना के बाद उसने इसे सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी।हालांकि, गांव के कुछ लोगों को महिला की मौत संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो मामला खुल गया। शुरुआती जांच में सुचित्रा ने कथित रूप से अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।इस संबंध में क्यात्संद्रा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के पति से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे इस घटना की कोई जानकारी थी या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




