नई दिल्ली / गुरुवार को बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय के घर पर बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने छापा मारा है। बता दें कि विवेक ओबेरॉय की पत्नी के भाई आदित्य अल्वा बेंगलुरु ड्रग केस में आरोपी हैं। पुलिस ने उनकी तलाश में विवेक के मुंबई आवास पर रेड की है। इससे पहले बेंगलुरु सिटी पुलिस के केंद्रीय अपराध ब्यूरो ने संडलवुड ड्रग मामले में विवेक ओबेरॉय के साले और दिवंगत पूर्व मंत्री जीवराज अल्वा के बेटे आदित्य अल्वा के स्वामित्व वाली संपत्तियों पर छापे मारे थे |

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि आदित्य अल्वा विवेक के रिश्तेदार हैं और इस समय उनके घर में ही मौजूद हैं | इसलिए पुलिस ने विवेक ओबेरॉय के घर पर छापा मारा है | बता दें कि आदित्य अल्वा उस वक्त से फरार है, जब से पुलिस ने संडलवुड स्टार रागिनी द्विवेदी के घर पर छापे मारे थे | रागिनी को14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था |
पुलिस ने आदित्य के रिसॉर्ट्स पर भी छापेमारी की थी | कथित तौर पर वह यहां पार्टियां आयोजित करता था, जिनमें कन्नड़ फिल्म उद्योग के कई फिल्मी सितारे हिस्सा लेते थे | केंद्रीय अपराध ब्यूरो के मुताबिक, आदित्य इस मामले में पांचवां आरोपी बना है |

बता दें, आदित्य एक प्रभावशाली पारिवारिक पृष्ठभूमि से हैं | उसके दिवंगत पिता जीवनराज अल्वा अपने समय के सबसे शक्तिशाली मंत्रियों और नेताओं में से एक थे | उन्हें दिवंगत मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े का दाहिना हाथ माना जाता था | दिवंगत जीवराज अल्वा फंडिंग इकट्ठा करने के स्किल के लिए जाने जाते थे | वहीं आदित्य की मां नंदिनी अल्वा की गिनती भी राज्य के प्रतिष्ठित लोगों में होती है | वह एक प्रसिद्ध नृत्यांगना और इवेंट ऑर्गनाइजर हैं |
