
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन आज से शुरू हो गया है। रायपुरा क्षेत्र अंतर्गत बॉसटॉल, खल्लारी चौक में श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ आयोजित किया गया है। 11 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक चलने वाले प्रसंग में प्रसिद्ध कथावाचक पं.नरेन्द्र नयन शास्त्री अपनी वाणी से आध्यात्मिक चेतना ज्ञान यज्ञ में आहुति डालेंगे| राष्ट्रीय भावना,सनातन और भारतीय धार्मिक शास्त्रीय ज्ञान की गहराई से ओत-प्रोत उनके प्रवचन जनमानस पर रचनात्मक प्रभाव डालते है,भक्तों को सनातन वैदिक ज्ञान से रूबरू होने का मौका मिलता है |

श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का वाचन सरल भाषा और गूढ़ रहस्यों की व्याख्या पंडित .नरेन्द्र नयन शास्त्री के प्रवचन की खास विशेषता बताई जाती है,इससे वर्ग के श्रोता लाभान्वित होते हैं। यह दिव्य प्रवचन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से देर शाम तक संचालित होगा | इसमें भगवान् श्री कृष्ण और उनकी लीलाओं का रसपान कराया जाएगा। विख्यात वैदिक विद्वान, त्रिकालदर्शी ज्योतिषाचार्य एवं “चाय वाले चाउल वाले बाबा” के नाम से प्रसिद्ध पं.नरेन्द्र नयन शास्त्री के ज्ञान यज्ञ में शामिल होने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा हैं। आमतौर पर पं. शास्त्री सिलधारी धाम, पानीद में स्थित आश्रम में ही भक्तों से भेंट करते है,लेकिन इस मौके पर रायपुर में ही उनका दरबार प्रभु सेवा में उपस्थित हुआ है|
श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज को धर्म, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म, भक्ति और ज्ञान के इस महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की है। श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से जीवन को आध्यात्मिक दिशा देने का यह अनुपम अवसर भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है।

कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 11 फरवरी को फाल्गुन कृष्ण नवमीं के दिन कलश यात्रा, वेदी पूजन एवं गौकरण महात्म्य के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा।
कथा के दौरान होंगे भागवत के प्रमुख प्रसंग
कथा के विभिन्न दिनों में श्रीमद् भागवत के महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। इनमें शुकदेव जन्म, सती-शिव चरित्र, ध्रुव चरित्र, अजामिल कथा, जड़ भरत प्रसंग, भक्त प्रह्लाद चरित्र, श्रीराम एवं वामन अवतार, गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन, श्रीकृष्णावतार, बाल लीला, नंद महोत्सव, रामलीला, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र तथा परीक्षित मोक्ष जैसे प्रेरणादायी प्रसंग शामिल हैं।
विशेष रूप से 15 फरवरी को शिवरात्रि के अवसर पर श्रीकृष्णावतार एवं नंद महोत्सव तथा 18 फरवरी को गीता प्रवचन, तुलसी वर्षा, पूर्णाहुति एवं भंडारा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
अंतिम दिन भंडारे का आयोजन
कथा के समापन अवसर पर 18 फरवरी (फाल्गुन शुक्ल प्रतिपदा) को सहस्त्र धारा स्नान, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन में महिला मंडल की अहम भूमिका
इस धार्मिक आयोजन के कथा परायण कर्ता समस्त महिला मंडल बॉसटॉल खल्लारी चौक एवं मोहल्लावासी हैं। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी देगा।

आयोजकों ने की सहभागिता की अपील
आयोजन की जिम्मेदारी साविता ठाकुर (मो. 70004-07077) एवं गायत्री देवी (मो. 90986-55150) द्वारा निभाई जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्र सहित रायपुर शहर के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस पावन ज्ञान यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।






