अशोक नगर / कोरोना काल में कई लोगों के दिलों दिमाग से प्यार का फितूर रफू चक्कर हो गया है | लेकिन मध्य प्रदेश में अशोक नगर जिले के भूराखेड़ी गांव में एक बेहद दिलचस्प शादी ने लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी | भले ही लोग इस शादी में शामिल ना हुए हो, लेकिन उन्होंने दूल्हा दुल्हन को दिल से आशीर्वाद दिया | दरअसल एक बुजुर्ग को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था |

लेकिन कहा जाता है ना प्यार की कोई उम्र नहीं होती | इस बुजुर्ग को पड़ोस में भर्ती एक 55 वर्षीय महिला से प्रेम हो गया | प्यार भी ऐसा चढ़ा कि उसने रंग दिखाना शुरू कर दिया | 70 वर्षीय इस बुजुर्ग का दिल ऐसा उछाल मार रहा था जैसे उसने अभी – अभी जवानी का स्वाद चखा हो | उधर उम्र 55 और दिल बचपन वाला मामला था | आंटी जी ने भी मानो जवानी में कदम रखा हो | प्यार की ऐसी पींगे बढ़ी की घर वालों ने दोनों की शादी रचा कर ही दम लिया | बताया जाता है कि करीब तीन साल पहले ओमकार सिंह की पहली पत्नी की मौत हो गई थी|

दरअसल 70 साल के ओमकार सिंह जिला अस्पताल में भर्ती थे | इलाज के दौरान उनकी मुलाकात 55 साल की गुड्डीबाई से हुई | मात्र तीन दिनों की मुलाकात में प्यार ऐसा परवान चढ़ा कि बची हुई जिंदगी दोनों ने एक साथ गुजारने का फैसला किया | उन्होंने अपने दिल की बात अपने परिजनों से बताई | उससे पूर्व दोनों की प्रेम कहानी देख सुनकर परिजन भी हैरत में थे | आखिरकार उन्होंने प्यार की इस डोर को शादी के बंधन में बांधने की हमी भरी | गांव वालों को भी इस प्रेम कहानी के बारे में बताया गया |

फिर ओमकार सिंह के बेटे और बहुओं ने उनकी शादी कराने का फैसला किया | शादी में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ओमकार सिंह के बेटे-बहू और रिश्तेदार जमकर नाचा | इस शादी में गांव के सरपंच, सचिव ने ढोल भी बजवाए | गुड्डीबाई के भी दो बेटे और एक बेटी हैं | बेहद धूमधाम से दोनों की शादी हो गई | हंसी – ख़ुशी से गुड्डीबाई को ब्याह कर घर लाया गया | अब यह परिवार बेहद खुश है |
