भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कमलनाथ ने फहराया तिरंगा झंडा, कहा – देश के लोकतंत्र और संविधान की अस्मिता को बचाये रखना सबसे बड़ी चुनौती है

0
6

भोपाल / प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर विजयगीत ‘विजय विश्व तिरंगा प्यारा’ और राष्ट्र-गान ‘जन-गण-मन’ का गायन हुआ। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों, कांग्रेसजनों के नाम संदेश का वाचन किया। नाथ ने प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद सैनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार आज पूरी दुनिया में नजीर बने हुए है।

पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, सरदार पटेल, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, विपिन चंद्र पाल, पं. मोतीलाल नेहरू, डाॅ. राम मनोहर लोहिया, मौलाना अबुल कलाम आजाद, बाबू जगजीवन राम, लाल बहादुर शास्त्री, डाॅ. भीमराव अम्बेडकर, सरोजनी नायडू, आचार्य कृपलानी ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अहिंसा के मार्ग पर चलकर एक क्रूर शासन को परास्त किया। सरदार भगतसिंह, चंद्रशेखर आजाद ,रामप्रसाद बिसमिल, राजगुरू, रानी लक्ष्मी बाई, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, बिरसा मुंडा जैसे क्रांतिकारियों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। स्वर्गीय इंदिरा गांधी और स्व. राजीव गांधी का बलिदान देश के नव-निर्माण में अनुकरणीय है।

कमलनाथ ने कहा कि आज देश के सामने कई चुनौतियां हैं और सबसे बड़ी चुनौती देश के लोकतंत्र और संविधान की अस्मिता को बचाये रखना है। देश में दल बदल कानून होने के बावजूद ऐसी नई परिस्थितियां पेश हुईं, जिससे जनता द्वारा बहुमत से चुनी सरकारों को अस्थिर करने का काम न केवल मप्र में बल्कि अनेक प्रदेशों में किया गया है। संविधान और लोकतंत्र की भावनाओं के विपरीत मप्र में जो घटनाक्रम हुआ उससे प्रजातंत्र के मूल्यों पर प्रहार हुआ है, प्रजातंत्र की हत्या की गई।

कमलनाथ ने इस मौके पर अपनी सरकार का गुणगान करते हुए कहा कि 15 महीने की सरकार में हमें 12 महीने काम करने का अवसर मिला। सरकार बनते ही हमने किसानों का 2 लाख रू. तक का फसल ऋण माफ करने का निर्णय लिया, 21 लाख किसानों के ऋण खाते में 7155 करोड़ की राशि का भुगतान कर दिया तथा 7 लाख से अधिक किसानों के कर्ज भुगतान हेतु 4612 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गई।