
नई दिल्ली : भारत के बजट सेशन 2026 के दूसरे दिन आज लोकसभा में आज इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा। इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि आत्मविश्वास से भरा भारत आज विश्व के लिए आशा की किरण भी बना है और आकर्षण का केंद्र भी बना है। उन्होंने कहा कि कल राष्ट्रपति जी का उद्बोधन 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति था। 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का लेखा-जोखा था। उन्होंने आगे कहा कि 140 करोड़ देशवासी और उसमें भी ज्यादातर युवाओं के एस्पेरेंटस को रेखांकित करने का बहुत ही सटीक उद्बोधन था।

प्रधानमंत्री मोदी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2026 के प्रारंभ में ही राष्ट्रपति ने संसद के सदस्यों के सामने जो अपेक्षाएं रखी हैं, वे अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सांसदों ने उन अपेक्षाओं को गंभीरता से लिया होगा और उसी भावना से आगामी कार्यवाही में योगदान देंगे. उन्होंने कहा कि बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कई मार्गदर्शन वाली बातें हम सभी के सामने रखी थीं. सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रपति ने सांसदों से अपेक्षाएं व्यक्त की हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि सभी सांसदों ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया होगा। यह सत्र अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण सत्र होता है.
पीएम ने कहा की हम रिफार्म एक्सप्रेस पर तेजी से चल पड़े हैं। 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा बीत चुका है। ये दूसरे चौथाई का प्रारंभ हो रहा है और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण 25 वर्ष का दौर आरंभ हो रहा है। ये इस शताब्दी के दूसरे क्वार्टर का ये पहला बजट आ रहा है।







