मुंबई में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे को लेकर भोपाल से बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर सियासी घमासान मच गया है | अब इस विवादित बयान को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर हमलावार हो गई है | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी साध्वी प्रज्ञा के बयान पर आपत्ति जताई है | उन्होंने मामले में भाजपा को देश से माफी मांगने की बात कही है | यही नहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साध्वी प्रज्ञा को लेकर ट्वीट भी किया है | उन्होंने इस ट्वीट में लिखा है कि – हेमंत करकरे जाबांज पुलिस अधिकारी थे | नरेन्द्र मोदी जी उन्हें शहीद मानते आए हैं | अब साध्वी प्रज्ञा आतंकवादियों के हाथों उनकी मौत पर तालियां बजवा रही हैं | यह एक शहीद का अपमान है | भाजपा देश से माफ़ी मांगे |
गौरतलब है कि मालेगांव ब्लास्ट मामले में आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे पर विवादित बयान दिया था | प्रज्ञा ठाकुर ने हेमंत करकरे पर विवादित बयान देते हुए कहा था कि हेमंत करकरे ने मुझे झूठे केस फंसाया है | मैने हेमंत करकरे से कहा था कि तेरा सर्वनास होगा और वो आतंकियों के हाथ मारा गया है | साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बीजेपी ने भोपाल से टिकट दी है | उनके सामने कांग्रेस पार्टी ने दिग्विजय सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है |
