
रायपुर : 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रायपुर स्थित जिला कार्यालय एकात्म परिसर में भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और देश की आज़ादी, लोकतंत्र एवं संविधान के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संविधान की गरिमा, राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका तथा देश की प्रगति के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा, अनुशासन और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, अमित साहू, कोषाध्यक्ष राम गर्ग, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






