
जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एमबीबीएस में दाखिले के लिए दिव्यांग बनने के खेल का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपी युवक ने खुद अपने पैर के पंजों को काट डाला। इसके बाद दिव्यांग के तौर पर एमबीबीएस में एडमिशन की साजिश रच डाली। मामला लाइन बाजार थानाक्षेत्र के खलीलपुर का है। यहां के रहने वाले सूरज भास्कर (24) पर आरोप है कि उसने बाएं पैर का पंजा काटकर खुद को दिव्यांग के तौर पर पेश किया। इस पूरे मामले का खुलासा जौनपुर पुलिस ने गुरुवार को किया। पुलिस के खुलासे से हर कोई हैरान रह गया है।

क्या है पूरा मामला?
जौनपुर पुलिस के दावों के अनुसार, सूरज भास्कर ने डीफार्मा कोर्स किया है। वह नीट की तैयारी कर रहा है। दिव्यांग कोटे से एमबीबीएस में दाखिला लेने के लिए उसने खुद ही अपने पैर का पंजा काट लिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सूरज ने इंटरनेट पर पैर काटने का तरीका सर्च किया। इसके बाद ग्राइंडर से पंजा काट दिया। इसके बाद पैर का पंजा और ग्राइंडर मशीन को पास ही के कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने घटना में प्रयोग में लाए गए ग्राइंडर मशीन को बरामद कर लिया है। हालांकि, सूरज के बाएं पैर का पंजा नहीं मिल सका है। युवक की डायरी और प्रेमिका के बयान से पूरे सच का खुलासा हुआ। सूरज ने पैर कटने के मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया था। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच चल रही थी। अब इस मामले में पुलिस फाइनल रिपोर्ट यानी एफआर लगाने की तैयारी कर रही है। साथ ही, पुलिस धोखे में रखने को लेकर सूरज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने कहा कि 18 जनवरी को सूचना मिली थी कि सूरज के साथ रात 12 बजे मारपीट की गई थी। वह सुबह सोकर उठा तो उसके बाएं पैर का पंजा कटा मिला था। केवल एंड़ी ही बची थी। पुलिस ने सूरज के बयान और तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।







