
दिल्ली/ चंडीगढ़ : 22 जनवरी 2026 को देश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड,बारिश और बर्फबारी के आसार जाहिर किए जा रहे है | मौसम पैटर्न में आए बदलाव का सामना अब विदेशों की तर्ज पर भारतीयों को भी करना पड़ेगा। देश के कई राज्यों मौसम तेज़ी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में अब करवट लेता दिख रहा मौसम कही मुसीबत का पैगाम लेकर तो नहीं आ रहा है, इस ओर लोगों की निगाह टिकी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 जनवरी को मौसम में बदलाव के बाद तापमान में और गिरावट आएगी। दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।

मौसम के जानकारों के मुताबिक,दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदूषण के स्तर में गिरावट आएगी। हालांकि, इसके बाद 2 से 3 दिनों तक कड़ाके की ठंड भी लोगों को परेशान कर सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले में कम निकलने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जनवरी के बाद एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे वायु गुणवत्ता में काफी हद तक सुधार देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है, जो प्रदूषक कणों को हवा से साफ करने में मदद करेगी।

मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी को एनसीआर में अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बुधवार को भी कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग के मुताबिक, फरीदकोट पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अमृतसर में भी कड़ाके की ठंड जारी रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बठिंडा में यह 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौमस विभाग के अनुसार आने वाले दिन में भी मौसम ठंडा बना रहेगा।राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा रहा है।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से इस सप्ताह राजस्थान में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ भागों में 22 से 24 जनवरी के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने तथा मावठ की बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ 26 से 28 जनवरी के दौरान प्रभावी होगा। मौसम विभाग ने कहा कि 22 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कश्मीर में बारिश, बर्फबारी की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है, जबकि घाटी के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर अब समाप्त होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में बारिश और व्यापक बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम प्रणाली कश्मीर के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम को समाप्त कर सकती है। मौसम विभाग ने श्रीनगर समेत मैदानों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके कारण जमीनी और एयर ट्रैफिक में भी व्यवधान आ सकता है।इधर, छत्तीसगढ़ में भी मौसम में बदलाव का सामना लोगो को करना पड़ रहा है | सरगुजा डिवीजन में कड़ाके की ठंड जारी है। जबकि, मैदानी इलाकों में बुधवार को बदली छाई रही |

न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम ड्राई बना रहेगा।पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2°C दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1°C अंबिकापुर और जगदलपुर में दर्ज हुआ।मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं, जिसके असर से प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है।




