
रायपुर/ बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में विवादों से घिरे पुलिस महकमें में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कानून का डंडा चला दिया है। विजय शर्मा ने गंभीर आरोपों से घिरे बिलासपुर के तत्कालीन ASP राजेंद्र जायसवाल को सस्पेंड करने के निर्देश दिए है।सोशल मीडिया में हालिया वायरल एक वीडियो में ASP राजेंद्र जायसवाल और स्थानीय स्पा संचालक के बीच लेन-देन से जुड़ा विवाद सामने आया था। मामले के सुर्ख़ियों में आते ही पुलिस महकमें के भीतर गहमा-गहमी तेज़ देखी जा रही थी। जबकि, रायपुर में कारोबारी दीपक टंडन से अवैध वसूली को लेकर सुर्ख़ियों में आई महिला डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही का मामला अभी तक अधर में लटका नज़र आ रहा है।

हालाँकि,गंभीर आरोपों से घिरी डीएसपी कल्पना वर्मा विवाद की जांच रिपोर्ट भी सरकार को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। लेकिन उनके खिलाफ कार्यवाही का इंतज़ार लंबा हो चला है। जानकारी के मुताबिक एसएसपी रायपुर ने अपनी जांच रिपोर्ट से आईजी रायपुर रेंज को अवगत करा दिया है। सूत्र तस्दीक करते है,कि प्रकरण में महिला डीएसपी के खिलाफ कई आरोप दोष सिद्ध पाए गए है।

रिपोर्ट में इस तथ्य की भी पुष्टि हुई है,कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने कारोबारी दीपक टंडन से कई महंगे उपहार भेंट में लिए थे। इसमें हीरे और सोने के आभूषण समेत लाखों की नगदी और होटल कारोबार शामिल बताया जाता है। यही नहीं, नक्सल उन्मूलन अभियान से जुडी कई गोपनीय जानकारियों और ऑपरेशन से जुड़ी ख़ुफ़िया जानकारियों को लीक करने के मामले में भीडीएसपी कल्पना वर्मा अनुशासनहीनता के दायरे में पाई गई है। दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा और बिलासपुर जिले के निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल के मामले को लेकर पुलिस महकमें में गहमा-गहमी देखी जा रही है।

बिलासपुर के पूर्व और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मौजूदा एएसपी राजेंद्र जायसवाल का अवैध वसूली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया जाता है, कि शिकायकर्ता स्पा संचालक ने एएसपी कार्यालय पहुँच कर अपनी आपबीती एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को सुनाई थी। इसके बाद लेन-देन की चर्चा सामने आई। स्पा संचालक ने दावा किया था कि उनसे स्पा कारोबार के संचालन के लिए एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल ने अवैध वसूली 30 हज़ार से बढ़ा कर प्रति माह 50 हज़ार कर दी थी। रकम ना देने पर उन्हें फर्जी मामलो में फंसाने की चेतावनी भी दी गई थी।

पीड़ित कारोबारी अमन सेन ने यह भी खुलासा किया कि रकम नहीं देने पर राजेंद्र जायसवाल ने उन्हें अपने दफ्तर बुलाया था। एएसपी की मुंह मांगी रकम को लेकर स्पा संचालक ने साफ तौर पर यह भी कहा था कि उनके स्पा में किसी तरह की अवैध गतिविधि नही होती,वो ना तो ऐसा कार्य करते हैं और ना ही इसकी इजाजत देते हैं, फिर वह इतनी मोटी रकम क्यों देंगे ? बताया जाता है, कि एएसपी से मेल-मुलाकात का वीडियो बना कर कारोबारी ने अवैध वसूली की लिखित शिकायत पुलिस महानिरीक्षक से की थी। पीड़ित ने इस मामले से जुड़े ऑडियो-वीडियो भी वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पेश किए थे।
यह भी पढ़े : राजभर समाज की इस बेटी ने दहेज़ प्रथा के खिलाफ फूंका बिगुल,देखें वीडियो…

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। वायरल वीडियो,ऑडियो क्लिप और शिकायत में उल्लेखित तथ्यों की निष्पक्ष जांच के लिए सात दिनों की मियाद तय की गई थी।
इस बीच अब जानकारी सामने आ रही है,कि गृहमंत्री विजय शर्मा ने नाराजगी जताते हुए ASP को सस्पेंड के निर्देश दिए है। हालांकि,ASP राजेंद्र जायसवाल को सस्पेंड करने संबंधी आदेश के जारी होने की कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
बिलासपुर ASP को सस्पेंड करने का फरमान सुनाया गृहमंत्री ने, डीएसपी कल्पना वर्मा पर कार्यवाही कब…?







