
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में 28वीं कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसिडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस (CSPOC) 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की नींव बेहद मजबूत है और यह समावेशन व समान अवसरों का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में देश की पहली नागरिक (राष्ट्रपति) महिला हैं और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री भी महिला हैं। यह भारत में नारी शक्ति के बढ़ते सम्मान और नेतृत्व की स्पष्ट तस्वीर है।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला कर रहे हैं। CSPOC में 42 कॉमनवेल्थ देशों के 61 संसद अध्यक्ष और पीठासीन अधिकारी शामिल हो रहे हैं, साथ ही चार अर्ध-स्वायत्त संसदों के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, मलेशिया, नामीबिया, ट्रिनिडाड और टोबैगो, टोंगा और कैमरून जैसे देशों की भागीदारी ने सम्मेलन को वैश्विक महत्व प्रदान किया है। ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।




