15 करोड़ की ठगी में ED का बड़ा एक्शन, केके श्रीवास्तव की 3.25 करोड़ की संपत्ति कुर्क …

रायपुर : – रायपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का ठेका दिलाने के नाम पर कथित 15 करोड़ रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मामले में आरोपी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ केके की करीब 3.25 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया है। साथ ही ED के रायपुर जोनल कार्यालय ने विशेष अदालत में उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल की है। ED की जांच के मुताबिक, जून 2023 में केके श्रीवास्तव ने मेसर्स रावत एसोसिएट्स के प्रोपराइटर अर्जुन रावत को करीब 500 करोड़ रुपये की रायपुर स्मार्ट सिटी परियोजना में सब-कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के नाम पर 15 करोड़ रुपये मांगे गए। आरोप है कि यह रकम व्हाट्सऐप के जरिए बताए गए पांच बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। जांच में एजेंसी ने दावा किया कि इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर फर्जी तरीके से किया गया और संबंधित संस्थाएं अपने पंजीकृत पते पर भी नहीं मिलीं।

शेल कंपनियों के जरिए रकम विदेश भेजने का दावा

जांच एजेंसी के अनुसार, ठगी की रकम को शेल और मध्यस्थ कंपनियों के नेटवर्क के जरिए कई स्तरों पर ट्रांसफर किया गया। इसके बाद माल ढुलाई और कंटेनर लीजिंग जैसे कारोबारी लेन-देन के नाम पर रकम को कथित तौर पर दुबई, हांगकांग, चीन और सिंगापुर तक पहुंचाया गया। ED का कहना है कि 15 करोड़ रुपये में से 3.40 करोड़ रुपये वापस किए गए, जबकि 11.60 करोड़ रुपये की रकम अब भी वापस नहीं हुई है। एजेंसी ने 30 जुलाई 2026 को केके श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था। अब अभियोजन शिकायत दाखिल कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author