
रायपुर : राजधानी रायपुर में प्रेस क्लब चुनाव 2026 की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर कार्यालय से लेकर मोती बाग स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों का जमावड़ा लगा हुआ है। इस बार भी लगभग आधा सैंकड़ा पत्रकार चुनावी मैदान में है, इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए दर्जनों पत्रकारों ने दावेदारी ठोकी है। इस बीच प्रेस क्लब की गतिविधियों को लेकर भी प्रेस मीडिया जगत में विचार मंथन का दौर शुरू हो गया है। पत्रकारों के सोशल मीडिया हैंडल में कई मुद्दे सुर्खियां भी बटोर रहे हैं। प्रेस क्लब परिसर में दिन-भर जहाँ चुनावी चर्चाएं सरगर्म है, वही दिन ढलते ही महफ़िलों के सजने का नया नजारा दिखाई दे रहा है, इन महफ़िलों में लुप्त होती “पत्रकार प्रजाति” के संरक्षण का मुद्दा कलमकारों की जुबान पर है।

उनके मुताबिक,पत्रकारिता का एक बड़ा धड़ा राजनीति की चपेट में है, उसकी छत्र-छाया में पनपने-पोषित होने से यह वर्ग नैतिक मूल्य और निष्पक्षता से हाथ धो बैठा है,जबकि बेबस पत्रकार जैसे-तैसे पत्रकारिता के मूल माप दण्डों की राह तय कर रहे है, ऐसी स्थिति में पत्रकार बनाम पत्रकारिता के सौदागर का मुद्दा चुनावी बेला में छाया हुआ है। चुनावी समर में कूदे विभिन्न संगठनो की कवायत के बीच “क्रांतिकारी पैनल” ने अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है।

इस पैनल के संयोजक वरिष्ठ पत्रकार नीलेश शर्मा ने घोषणा की है, कि “क्रांतिकारी पैनल” की ओर से सुनील नामदेव अध्यक्ष, सुधीर आज़ाद तम्बोली उपाध्यक्ष और सुरेंद्र शुक्ला महासचिव पद के लिए उम्मीदवार होंगे। शर्मा ने कहा, रायपुर प्रेस क्लब की नई रूप-रेखा और कायाकल्प के संकल्प के साथ उनका पैनल पत्रकार साथियों के बीच मैदान में है, इसमें कुशल नेतृत्व और पत्रकारों की आकांक्षाओ में खरा उतरने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, कि कलमकारों की मज़बूत आवाज़, साफ़ सोच और निडर नेतृत्व के लिए “क्रांतिकारी पैनल” जैसा कोई दूजा पैनल नहीं।

रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष दामू अम्बाडारे ने भी आह्वान किया है, कि पत्रकार साथी निष्पक्ष होकर मतदान करें। उन्होंने कहा, कि प्रेस क्लब अपनी गरिमा बरकरार रखे, ताकि यह चुनाव शांति पूर्वक और सहर्ष सम्पन्न हो सकें। दामू अम्बाडारे ने कहा, कि पत्रकार साथी चिंतनशील होते है, इसलिए सभी मुद्दों पर गौर कर अपने उम्मीदवार का चयन करें।

“क्रांतिकारी पैनल” के अलावा कलमकारों के अन्य पैनल भी प्रचार-प्रसार में जुट गए है। उनकी क़वायतों की बीच वरिष्ठ पत्रकार सुनील नामदेव के चुनावी समर में कूदने से मुक़ाबला दिलचस्प हो गया है। सुनील नामदेव ने एलान किया,कि उन का पैनल पत्रकारों के जीवन की बुनियाद मज़बूत करने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए हर संभव कदम उठाएगा। उन्होंने कहा, कि पत्रकार बने, पत्रकारिता के सौदागर नहीं।

रायपुर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जिला प्रशासन ने घोषित कर दिया है। चुनाव में अध्यक्ष (01), उपाध्यक्ष (01), महासचिव (01), संयुक्त सचिव (02) एवं कोषाध्यक्ष (01) पद शामिल हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति एवं जमा करने की प्रक्रिया 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 के बीच संपन्न हो जाएगी। जबकि नाम निर्देशन पत्रों की जांच (संवीक्षा) तथा वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन 9 जनवरी को किया जायेगा। नाम निर्देशन पत्रों की वापसी 10 जनवरी और इसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदान 13 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक प्रेस क्लब रायपुर में होगा। मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतगणना भी प्रेस क्लब परिसर में की जाएगी। फ़िलहाल, “क्रांतिकारी पैनल” के उम्मीदवार जनसंर्पक में जोर-शोर से जुटे हुए है।






