पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। कोहाट जिले की पुलिस लाइंस में शुक्रवार को एक जोरदार धमाका हुआ है। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस लाइंस परिसर में मौजूद एक मस्जिद के पास विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी पहुंची और इसके बाद जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और परिसर की एक दीवार भी गिर गई।
धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कोहाट के जिला मुख्यालय अस्पताल में 15 शव पहुंचाए जाने की पुष्टि की गई है। घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस लाइंस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर कोहाट-हंगू रोड पर यातायात भी रोक दिया गया है। धमाके के बाद मस्जिद के बाहर गोलीबारी की खबर भी सामने आई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है। मामले की जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।




