रायपुर। बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म होने लगा है। कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रायपुर में भी तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि अब मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को राहत मिलने के संकेत दिए हैं। आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियों में फिर से तेजी आने की संभावना है, जिससे कई क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान कई स्थानों पर बादल छाने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में प्रदेश में बारिश सामान्य के आसपास रही, लेकिन सामान्य वर्षा की तुलना में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम में नमी बने रहने के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना भी है।
कई इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।बिलासपुर में सबसे ज्यादा तापमान
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बारिश की बात करें तो पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में करीब 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
19 सितंबर के बाद बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक एक नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ के नीचे और अन्य असुरक्षित स्थानों पर खड़े होने से बचने की अपील की गई है।




