Friday, September 20, 2024
HomePoliticsछत्तीसगढ़ से प्रियंका गांधी और करुणा शुक्ला को राज्यसभा में भेज सकती...

छत्तीसगढ़ से प्रियंका गांधी और करुणा शुक्ला को राज्यसभा में भेज सकती है कांग्रेस, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सहमत ? आधा दर्जन अन्य नामों पर भी मंथन जारी 

रायपुर / दिल्ली –  AICC के सूत्रों से बड़ी खबर आ रही है , कि प्रियंका गांधी और करुणा शुक्ला को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में भेज सकती है | जानकारी के मुताबिक पार्टी में इसके लिए मंथन आखिरी दौर में है | इस पर सिर्फ पार्टी आलाकमान की मुहर लगाना बाकि है | बताया जाता है कि दोनों ही नेताओं को राज्यसभा में भेजने का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने पार्टी आलाकमान के समक्ष रखा है | इस पर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने अपनी सहमति दे दी है | जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संपर्क किया जा रहा है | 

पार्टी नेताओं का मानना है कि प्रियंका गांधी के राज्यसभा में जाने से कांग्रेस को बीजेपी पर आक्रामक हमले करने का मौका मिलेगा | वही दूसरी ओर करुणा शुक्ला के राज्यसभा में पहुंचने से बीजेपी की जोरदार घेराबंदी होगी | दरअसल विधानसभा चुनाव में राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह को कड़ी टक्कर देकर करुणा शुक्ला ने उन्हें अपने ही इलाके में सिमटा दिया था | इसके चलते रमन सिंह का प्रदेश में चुनावी प्रचार थमा और कांग्रेस को बल मिला | यही नहीं आक्रामक भाषण शैली के मामले में करुणा शुक्ला काफी दमदार मानी जाती है | पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी होने के नाते भी कांग्रेस करुणा शुक्ला को तवज्जो देना चाहती है | बताया जाता है कि अच्छे वक्ताओं और मुद्दों पर पकड़ रखने वाले नेताओं को राज्यसभा में भेजकर कांग्रेस ने बीजेपी का काट निकाला है | सूत्र बता रहे है कि प्रियंका गांधी और करुणा शुक्ला को राज्यसभा में भेजने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी सहमति ली जा रही है | 

इधर छत्तीसगढ़ के कई नेताओं को भी अपनी लॉटरी खुलने का इंतजार था | 15 साल तक बीजेपी के खिलाफ डंडा झंडा उठाकर सड़कों की लड़ाई लड़ने वाले पार्टी के इन नेताओं को उम्मीद थी कि कमोवेश इस बार उन्हें अपने राज्य से राज्यसभा में जाने का मौका मिलेगा | लेकिन पार्टी आलाकमान के इस मंथन से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है | चर्चा यह भी है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को सोनिया गांधी से भेंट कर मांग की है कि प्रियंका गांधी को  मध्यप्रदेश से राज्यसभा में भेजा जाये | सूत्र बता रहे है कि छत्तीसगढ़ में राज्यसभा के संभावित दावेदारों की सूची में वरिष्ठ नेता प्रदीप चौबे , विनोद वर्मा , अरविंद नेताम , रमेश वर्ल्यानी , गिरीश देवांगन , अटल श्रीवास्तव और राजेश तिवारी का नाम शामिल है | यह भी कहा जा रहा है कि यदि मध्य्प्रदेश की दो सीटों से ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियंका गांधी को राज्य सभा में भेजा गया तो छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा एक अन्य स्थानीय नेता को मौका मिलेगा |      

राज्यसभा के 51 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल माह में पूरा हो रहा है | इसमें छत्तीसगढ़ , राजस्थान , मध्यप्रदेश , महाराष्ट्र और झारखडं में तगड़ी लॉबिंग भी शुरू हो गई है | बताया जाता है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता भी पिछले दरवाजे से राज्यसभा में दाखिल होने की कवायत में जुटे है | इसलिए कांग्रेस आलाकमान के लिए प्रत्याशी चयन आसान नहीं माना जा रहा है |     

bureau
bureau
BUREAU REPORT
RELATED ARTICLES

Most Popular

spot_img