
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जितनी तेजी से इंसानी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है, उतनी ही तेजी से इसके संभावित खतरों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। इसी बीच बिजनेस इनसाइडर ने ChatGPT, Google Gemini, Anthropic के Claude और xAI के Grok से एक बेहद गंभीर सवाल पूछा—अगर AI कभी मानव जाति के लिए खतरा बना, तो इंसानों का विनाश कैसे हो सकता है? चौंकाने वाली बात यह रही कि चारों AI मॉडल्स ने हॉलीवुड की फिल्मों वाले ‘किलर रोबोट’ या इंसानों के खिलाफ सीधी जंग की तस्वीर को मुख्य खतरा नहीं माना।

AI मॉडल्स के जवाबों में सबसे बड़ा खतरा इंसानों द्वारा AI का गलत इस्तेमाल सामने आया। Claude और Grok ने आशंका जताई कि AI की मदद से खतरनाक जैविक हथियारों और वायरस को विकसित करने की क्षमता बढ़ सकती है।

वहीं ChatGPT ने बड़े पैमाने पर साइबर हमलों की संभावना की ओर इशारा किया, जिनसे बिजली के ग्रिड, बैंकिंग नेटवर्क और संचार जैसी जरूरी व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। दूसरी ओर Gemini ने कहा कि सिर्फ ज्यादा बुद्धिमान होना AI के अंदर इंसानों के प्रति दुश्मनी पैदा होने का सबूत नहीं है और संवेदनशील सैन्य प्रणालियां अभी भी मानवीय नियंत्रण पर निर्भर हैं।

इन जवाबों का सबसे अहम संदेश यही है कि AI का खतरा सिर्फ मशीनों के खुद बेकाबू होने में नहीं, बल्कि इंसानों के हाथों उसके गलत इस्तेमाल में भी छिपा है। अगर भविष्य में AI इंसानों से कहीं ज्यादा सक्षम हो गया और उसके फैसलों पर प्रभावी मानवीय नियंत्रण कमजोर पड़ गया, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। यही वजह है कि वैज्ञानिक और AI विशेषज्ञ लगातार ऐसी तकनीक विकसित करने पर जोर दे रहे हैं, जिसमें AI की क्षमता बढ़ने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा, निगरानी और जवाबदेही भी मजबूत होती जाए।




