
भिलाई स्टील प्लांट के करीब 10 हजार कर्मचारियों को इस साल मिलने वाले वार्षिक बोनस यानी एक्सग्रेशिया को लेकर इंतजार बढ़ता जा रहा है। सितंबर शुरू होने के बावजूद अभी तक बोनस वार्ता को लेकर कोई बड़ी हलचल सामने नहीं आई है। आमतौर पर अगस्त से ही यूनियन और प्रबंधन के बीच बैठकों का दौर शुरू हो जाता था, लेकिन इस बार कर्मचारी वार्ता शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच सेल के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन ने कर्मचारियों की उम्मीद बढ़ा दी है। वित्त वर्ष 2025-26 में सेल ने 4,334 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ और 3,233 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ दर्ज किया। कंपनी का राजस्व 1,10,810 करोड़ रुपये रहा, जबकि क्रूड स्टील उत्पादन 19.43 मिलियन टन और बिक्री 19.93 मिलियन टन रही। बीएसपी के मजबूत प्रदर्शन को देखते हुए कर्मचारियों को उम्मीद है कि इसका असर एक्सग्रेशिया की राशि पर भी दिखाई देगा। पिछले वर्षों में बोनस राशि में उतार-चढ़ाव रहा है। 2022 में लंबी बातचीत के बाद 28 हजार रुपये एक्सग्रेशिया पर सहमति बनी थी, जबकि 2023 में 23 हजार और 2024 में 26,500 रुपये दिए गए। अब कर्मचारियों की नजर इस साल की वार्ता पर है। कंपनी के बेहतर मुनाफे और रिकॉर्ड उत्पादन-बिक्री के बीच सवाल यही है कि इस बार बीएसपी कर्मचारियों के खाते में कितनी बोनस राशि आएगी।




