
दुर्ग : – गणेश उत्सव से पहले दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की 50 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के साथ बैठक कर पंडाल से लेकर विसर्जन तक के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने रात में पंडाल खाली नहीं छोड़ने और कम से कम दो समिति सदस्यों की मौजूदगी अनिवार्य की है। साथ ही सीसीटीवी, पार्किंग, आग से बचाव और महिला सुरक्षा के इंतजाम करने को कहा गया है।

पुलिस ने साफ किया है कि सड़क या आम रास्ते को घेरकर पंडाल और पार्किंग नहीं बनाई जा सकेगी। बिना अनुमति पार्किंग के नाम पर शुल्क वसूली करने पर कार्रवाई होगी। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर रोक रहेगी, जबकि तेज आवाज और नियमों के उल्लंघन पर उपकरण जब्त किए जा सकते हैं। पंडाल और विसर्जन झांकी में नशे के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

विसर्जन झांकी के लिए भी पुलिस ने सख्त नियम तय किए हैं। एक झांकी में अधिकतम तीन वाहन ही ले जाए जा सकेंगे और झांकी की ऊंचाई 15 फीट से अधिक नहीं होगी। हर झांकी में कम से कम आठ स्वयंसेवक रखना जरूरी होगा। विसर्जन के दौरान तलवार, भाला, डंडा या किसी भी तरह के हथियार, यहां तक कि नकली हथियार भी रखने की अनुमति नहीं होगी। झांकी को निर्धारित मार्ग से ही ले जाना होगा और केवल धार्मिक गीत बजाने की अनुमति रहेगी।



