
कोरबा जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पहली दुर्घटना कुसमुंडा-खोडरी मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में फूल सिंह (58) और नरसिंह (28) की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल यशवंत सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
बताया गया कि तीनों ग्रामीण बाइक से गेवरा बस्ती गए थे और घर लौट रहे थे। इसी दौरान चांदनी चौक के पास खोडरी मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। फूल सिंह और नरसिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि यशवंत सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दूसरी दुर्घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र के जोड़ा पुल के पास हुई। यहां दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में खम्हरिया निवासी शिव सिंह भी शामिल है, जो कैटरिंग का काम करता था और काम से लौटकर घर जा रहा था। दूसरी बाइक पर सवार युवक की भी मौत हुई, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। दोनों हादसों में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। घटनाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों मामलों में केस दर्ज कर हादसों के कारणों की जांच की जा रही है। लगातार हुए इन हादसों से संबंधित परिवारों के साथ आसपास के गांवों में भी शोक का माहौल है।






