
कोंडागांव ; – छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले से जुड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर घोड़ागांव के पास हुई, जहां सामने से आ रही एक कार की टक्कर काफिले के वाहन से हो गई। टक्कर के बाद कार काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में मौजूद चार पुलिसकर्मी और चालक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज शुरू कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार जारी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। विधायक लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।





