
रायपुर : – राजधानी के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक आदिल खान के साथ हादसा हो गया। दोस्तों के बीच तैरकर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की शर्त लगी थी। आदिल अपने एक दोस्त के साथ पानी में उतरा, लेकिन गहराई बढ़ने के बाद वह संभल नहीं पाया और पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF को बुलाया गया। टीम ने पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन में परेशानी आई। इसके बाद अभियान रोक दिया गया। SDRF ने सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस की ओर से युवक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि आदिल मौदहापारा का रहने वाला था और बुधवार शाम तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान हुई तैराकी की शर्त हादसे में बदल गई। ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने से नहीं बचते। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है और आदिल के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। SDRF की तलाश पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
देखें वीडियो : –



