
रायपुर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
सांसद अग्रवाल ने जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर, अटल चौक अवंती विहार तथा अटल परिसर, फुंडर चौक में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर श्रद्धेय अटल जी को नमन किया।इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने विचारों, व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा से देश के करोड़ों लोगों के दिलों में अमिट स्थान बनाया। वे राजनीति में रहते हुए भी सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते थे। उनके लिए सत्ता कभी लक्ष्य नहीं रही, बल्कि देश की सेवा ही जीवन का ध्येय रही।उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश को सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद की नई दिशा दी। उनकी वाणी में संवेदनशीलता थी, विचारों में दृढ़ता थी और निर्णयों में राष्ट्रहित सर्वोपरि था। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर स्वर्णिम चतुर्भुज योजना तक, अटल जी के नेतृत्व में लिए गए अनेक ऐतिहासिक निर्णय आज भी भारत की विकास यात्रा के मजबूत आधार हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अटल जी ने लोकतंत्र की मर्यादाओं और राजनीतिक शुचिता को हमेशा सर्वोच्च स्थान दिया। वे अपने विरोधियों का भी सम्मान करते थे। उनका जीवन हमें सिखाता है कि विचारों की दृढ़ता के साथ संवेदनशीलता और संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं को समझते हुए देश के नक्शे पर एक नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ को पहचान दिलाई। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए उनके सबसे बड़े उपहारों में से एक है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर प्रदेश को और समृद्ध, सक्षम एवं विकसित बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।




