रायपुर / रायपुर में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की रंगारंग शुरुआत हो गई है | कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने दीप प्रज्वलन कर इसका शुभारंभ किया | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माड़िया नृत्य के दौरान पहनाए जाने वाले माड़िया गौर सिंह पहनाकर राहुल गांधी का स्वागत किया | इस अवसर पर छग के मंत्रिमंडल के सदस्यों और राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने आए कलाकारों ने भी कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का स्वागत किया. छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने भी जड़ी बूटी की माला पहनाकर राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया | इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोयें रखना हमारी जवाबदारी है | भूपेश ने कहा कि प्रदेश की जनता का आंसू पोछने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है | और संकल्प लिया है कि जनता को दोबारा दुखी और निराश नहीं होने दिया जाएगा | उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता किस हद तक दुखी थी , इसे राहुल गांधी ने महसूस किया था | भूपेश बघेल ने अपने भाषण में अप्रत्यक्ष रूप में बीजेपी पर हमला किया | उधर राहुल गांधी ने इसे मौके पर सरकारी कैलेंडर का विमोचन भी किया |

राहुल गांधी ने भूपेश बघेल सरकार की जमकर तारीफ की | उन्होंने कहा कि दो मिनट समझ आ जाता है कि छत्तीसगढ़ में कितना बेहतर काम हो रहा है | उन्होंने कहा कि इस आयोजन से हमे आदिवासियों के इतिहास को समझने का मौका मिलेगा | उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासियों की आवाज सुनाई दे रही है | हर धर्म , जात , आदिवासी , दलित सबको साथ लिए बिना हिंदुस्तान की अर्थवयवस्था नहीं चलाई जा सकती | उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल में अनेकता में एकता दिखाई देगी | राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बगैर नोटबंदी पर सवालियां निशान लगाया | उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले से देश की अर्थव्यवस्था की कमर टूट गई है | उन्होंने कहा कि जबरदस्ती GST लागू किया जाए कुछ लोगों को पैसा दिया जाए , इससे अर्थव्यवस्था नहीं सुधर सकती | राहुल ने बीजेपी पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि भाई को भाई से लड़ाकर देश का कभी फायदा नहीं हो सकता |

इसके पूर्व रायपुर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का गर्मजोशी के साथ स्वागत हुआ ,एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी अगवानी की | इस मौके पर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री टी एस सिंहदेव, मंत्री रविन्द्र चौबे, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत , मंत्री कवासी लखमा, मंत्री शिव डहरिया, जयसिंह अग्रवाल छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी मौजूद रहे | स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से बस में सवार होकर राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए |

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में पहली बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है | यह महोत्सव अब अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का रूप ले लिया है | तीन दिवसीय इस नृत्य महोत्सव में देश के 25 राज्य एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के साथ ही 6 देशों के लगभग 1350 से अधिक प्रतिभागी अपनी जनजातीय कला संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे | इस महोत्सव में 39 जनजातीय प्रतिभागी दल 4 विभिन्न विधाओं में 43 से अधिक नृत्य शैलियों का प्रदर्शन करेंगे |
