
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ छात्रों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। छात्रों और सरकार के डेलीगेशन के बीच रविवार को तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। वार्ता के दौरान छात्रों की दो बड़ी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण आज छात्र विधानसभा घेराव कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा परिसर के गेट नंबर 1 पर डटे हुए हैं और विरोध-प्रदर्शन जारी है। छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए विधानसभा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, सभी जिलों की पुलिस को रांची पहुंचने का निर्देश दिया गया है।








