
राजगढ़ : – मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर के पड़ाना कस्बे में सोमवार को बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से उफनते नाले का पानी बह रहा था। इसी दौरान एक ईको कार तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश में पानी में बह गई और गहरे नाले में जा गिरी। कार में चार बच्चों, चार महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और दो पुरुषों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे तक सात लोगों के शव बरामद कर लिए थे। बाकी लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी था।
जानकारी के मुताबिक, देवास जिले के सतवास गांव का एक परिवार ईको कार से राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के कड़नावद गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहा था। परिवार के 11 लोग कार में सवार थे। पड़ाना बायपास के पास पहुंचते ही परिवार के सामने उफनता नाला आ गया। लगातार बारिश के कारण नाले का पानी सड़क के काफी ऊपर तक बह रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क और नाले के बीच अंतर करना भी मुश्किल हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने चालक को कार आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी थी। लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए बारिश रुकने और पानी कम होने तक इंतजार करने को कहा था।
इसके बावजूद चालक ने कार को पानी में उतार दिया। कुछ ही देर में कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और सड़क से नाले की ओर बहने लगी। गहरा नाला होने के कारण कार पानी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने राहत और बचाव अभियान की निगरानी शुरू की। स्थानीय ग्रामीण भी रस्सियों समेत अन्य साधनों की मदद से रेस्क्यू में जुट गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले तीन साल के बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद महिलाओं और बच्चों समेत छह अन्य लोगों के शव निकाले गए। वहीं, मुकेश और हुकुमसिंह नाम के दो पुरुषों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि कार मुकेश नायक, निवासी धांसड़ गांव, चला रहे थे। मुकेश के भाई बाला नायक के मुताबिक, उन्हें हादसे की जानकारी सुबह करीब 11:30 बजे मिली। बाला नायक के अनुसार, मुकेश ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से उन्हें कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। धांसड़ गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश पटेल के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में कार में शंकर, विशाल, सागरबाई, पूजा, रीनू, हुकुम, वंशिका, राजवीर, जसप्रीत, आनंद और ड्राइवर मुकेश के सवार होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें नाले में बहे बाकी लोगों की तलाश में जुटी थीं। बरामद शवों को पड़ाना में रखा गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




