
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जुनवानी इलाके में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार का मामला सामने आया है। स्मृतिनगर थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सेंटर में आने वाले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे और इसके बाद महिला दलाल के जरिए महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस का आरोप है कि स्पा सेंटर का मैनेजर इस पूरी गतिविधि को संचालित करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपए कीमत के 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपए नकद और देह व्यापार से संबंधित अन्य सामग्री व दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने टीम गठित की और सेंटर पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचने पर मौके पर स्पा सेंटर का मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहक और अन्य लोग मौजूद मिले। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस जांच के अनुसार, स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी पैसे लेकर महिलाओं को ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराता था। वहीं, पुलिस के मुताबिक महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के जरिए महिलाओं को बुलाया जाता था। पुलिस का कहना है कि ग्राहकों से संपर्क कराने और पूरी गतिविधि को संचालित करने में मैनेजर की भूमिका सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 19 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा 1,900 रुपए नकद भी बरामद किए गए , पुलिस ने ग्राहकों और कथित देह व्यापार से जुड़ी जानकारी वाले दस्तावेज, अन्य सामग्री और कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त करने की बात कही है। जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पांडेय (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे। इसके बाद महिला दलाल के जरिए महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इनसे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सेंटर में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। स्मृतिनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच कर रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।






