
नई दिल्ली। चीन के लगातार सीमा दावों के बीच भारत ने अरुणाचल प्रदेश से जुड़े आधिकारिक नक्शे में बड़ा बदलाव किया है। नए नक्शे में सीमा क्षेत्र की 27 अहम जगहों को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया है।
इनमें द्जो ला, रिजा ला, पुकुर ला और थग ला जैसे पहाड़ी दर्रों के अलावा सांबो सरोवर, लॉन्गजू, जसवंत गढ़ और शेर-ए-थापा मेमोरियल जैसे स्थान शामिल हैं। इनमें थग ला का 1962 के भारत-चीन युद्ध से खास संबंध रहा है।
चीन अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों पर अपना दावा करता रहा है और वहां के स्थानों के नाम भी बदलता रहा है। भारत लगातार इन दावों को खारिज करते हुए अरुणाचल प्रदेश को अपना अभिन्न हिस्सा बताता रहा है।
नक्शे में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब सितंबर में नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। ऐसे में इसे चीन के सामने भारत के स्पष्ट रुख के तौर पर देखा जा रहा है कि बातचीत और सीमा पर शांति की कोशिश जारी रह सकती है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश पर भारत अपने दावे से पीछे नहीं हटेगा।



