
दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों और भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री और कॉमनवेल्थ चैंपियन के बीच यह खास बैठक आज शाम चार बजे निर्धारित है। इस दौरान प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देंगे और उनकी उपलब्धियों की सराहना करेंगे।

ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। भारत के खाते में 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल आए। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले की तुलना में खेलों और स्पर्धाओं की संख्या कम रही। भारत जिन कुछ खेलों में पारंपरिक रूप से मजबूत प्रदर्शन करता रहा है, वे भी इस बार प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं थे। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने उपलब्ध मौकों का पूरा फायदा उठाते हुए कई स्पर्धाओं में शानदार नतीजे दिए।
कई खिलाड़ियों ने बनाया नया इतिहास
ग्लासगो में भारतीय दल के लिए कई यादगार उपलब्धियां भी दर्ज हुईं। जूडो में भारत ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। पैरा एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक हासिल किया। वहीं तेजस्विन शंकर ने पुरुष डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।
बॉक्सिंग में भी भारत का जलवा
मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा। भारतीय बॉक्सरों ने कुल 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीते। इसके अलावा भारोत्तोलन और पैरा स्पोर्ट्स में भी भारत को कई अहम सफलताएं मिलीं।
प्रधानमंत्री से मिलेंगे पदक विजेता खिलाड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से पहले भी मुलाकात करते रहे हैं। ऐसे में ग्लासगो में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रस्तावित मुलाकात में उनकी उपलब्धियों, प्रतियोगिता के अनुभव और आगे की तैयारियों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
39 पदकों के साथ भारत का यह अभियान भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और उनकी मेहनत की एक और मिसाल बनकर सामने आया है।




