
रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में 35 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला और उसकी 10 माह की बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 65 वर्षीय आरोपी भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी और बच्ची की हत्या करने की बात कबूल की है।
16 जुलाई को सामने आया था मामला
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को छापरपानी की एक महिला ने लैलूंगा थाने में सूचना दी थी कि उसकी 35 वर्षीय मौसेरी बहन पति की मौत के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी। वह अपनी 10 माह की बेटी के साथ ग्राम के एक खेत में बने मकान में रह रही थी। 16 जुलाई की सुबह महिला गंभीर रूप से घायल हालत में मिली, जबकि उसकी बच्ची की मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, लैलूंगा पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सुनसान जगह होने से जांच थी चुनौतीपूर्ण
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल सुनसान था और वारदात का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला था। महिला का किसी से विवाद भी सामने नहीं आया था। ऐसे में पुलिस ने गांव में कैंप लगाकर लोगों से पूछताछ की और तकनीकी, वैज्ञानिक तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से ग्राम कोड़ासिया निवासी 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी के बारे में अहम जानकारी मिली। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया। उसके हाथ में चोट का निशान भी मिला था, लेकिन शुरुआत में उसने घटना में शामिल होने से इनकार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूला
पुलिस के अनुसार, सघन पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि 15 जुलाई की रात वह खेत में बने मकान तक पहुंचा था, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ मौजूद थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने महिला पर हमला किया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से चला गया और घटना के समय पहने कपड़े छिपा दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना के समय पहनी गई धोती बरामद की है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को हत्या और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जांच के दौरान मामले में दुष्कर्म से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की जांच की गई। लैलूंगा थाना पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।







