
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव में खेत में काम कर रहे भाई-बहन पर भालू ने हमला कर दिया, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले के बाद भालू मृतकों के पास मंडराता दिखाई दे रहा है।
इस हमले में तीन अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45) और खोरीन बाई (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद भी भालू गांव के आसपास मौजूद होने की सूचना है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और भालू की निगरानी कर रही है। साथ ही लोगों से जंगल और प्रभावित इलाके की ओर न जाने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।





