
रायपुर: स्वास्थ्य मंत्री द्वारा एनालॉग यानी नकली पनीर पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद रायपुर रेलवे स्टेशन से इसकी तस्करी का खेल जारी है। स्टेशन से ट्रेनों के जरिए रोजाना सैकड़ों किलो संदिग्ध पनीर दूसरे शहरों तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले दो दिनों में रेलवे स्टेशन से कुल 600 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। इनमें 100 किलो बिना बुकिंग अंबिकापुर भेजा जा रहा था, जबकि 500 किलो की खेप भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए रायपुर पहुंची, जिसे खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे की संयुक्त टीम ने जब्त कर लिया।

हैरानी की बात यह है कि अंबिकापुर भेजी जा रही खेप पर न बारकोड था, न रेलवे का अधिकृत लेबल। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि बिना बुकिंग इतनी बड़ी खेप प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंची। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक प्रांशु राय को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह आशीष जायसवाल के कहने पर 100 किलो पनीर ट्रेन में चढ़ाने आया था। उसके मोबाइल से मिली चैट ने लंबे समय से सक्रिय पनीर तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा किया है। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग अब पूरे सिंडिकेट की जांच में जुटे हैं, जबकि जब्त पनीर के नमूने लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं।




