
चेन्नई: तमिलनाडु में डीएमके नेता और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ दर्ज मामले ने सियासी माहौल गरमा दिया है। मंगलवार सुबह पुलिस ने उन्हें चेन्नई स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। उन पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।यह मामला सोमवार को तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित डीएमके की रैली से जुड़ा है। आरोप है कि रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर विवादित टिप्पणी की, जबकि कार्यक्रम में अभिनेत्री तृषा के खिलाफ भी आपत्तिजनक नारे लगाए गए। इसके बाद विजय की पार्टी टीवीके (TVK) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।गिरफ्तारी की आशंका के बीच उदयनिधि स्टालिन ने मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की। मामले की सुनवाई के दौरान उनके वकील ने तत्काल सुनवाई की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए दोपहर बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।
उधर, टीवीके की शिकायत पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला अब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) तक भी पहुंच गया है। आयोग से की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाषण में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गईं।टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने राष्ट्रीय महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर उदयनिधि स्टालिन से सार्वजनिक माफी की मांग करने और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जबकि अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।






