रुचिका की मां की पीएम मोदी से भावुक अपील, बोलीं- ‘मेरी बेटी को गोद लेकर उसका भविष्य संवार दें’ …

नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में नामजद नाबालिग लड़की रुचिका की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बेटी को माफ कर उसे “जीवनदान” दिया है और अब उसके भविष्य को संवारने में भी मदद करें। एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में रुचिका की मां ने कहा, “जैसे आप गांव-गांव को गोद लेकर देश को संवार रहे हैं, वैसे ही मेरी बेटी को भी गोद ले लें और उसका जीवन संवार दें। गलती हुई है, हम माफी मांगते हैं और सच में शर्मिंदा हैं।”

उन्होंने बताया कि बेटी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री का उसे माफ करना सबसे बड़ा उपहार है। उनके मुताबिक, “आज मेरी बेटी का नया जन्म हुआ है। इसके लिए मैं हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती हूं।” रुचिका की मां ने सोशल मीडिया के प्रभाव पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कम उम्र के बच्चे आसानी से गुमराह हो जाते हैं। उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी की मांग की। साथ ही, बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की अपील करते हुए दावा किया कि उसकी उम्र 15 वर्ष है और मामले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले बच्चों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय उन्हें समझाने और सही दिशा देने की जरूरत है। इसके बाद रुचिका का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने सार्वजनिक रूप से अपने व्यवहार पर माफी मांगते हुए खेद व्यक्त किया।

About The Author