
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में एनालॉग (आर्टिफिशियल) पनीर की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही इसका आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा।

सरकार ने यह फैसला रायपुर समेत कई इलाकों में लगातार मिल रही शिकायतों और खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद लिया है। पिछले एक साल में रायपुर से करीब 4,200 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया जा चुका है। एनालॉग पनीर दूध की बजाय पाम ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और स्टार्च से तैयार किया जाता है। इसकी लागत कम होने के कारण कुछ होटल और फूड कारोबारियों द्वारा इसे असली पनीर बताकर बेचा जाता था। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता की सेहत से कोई समझौता नहीं होगा। प्रतिबंध के बाद पूरे प्रदेश में जांच अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




