न्यूज डेस्क / हैदराबाद में एक महिला वेटरनरी डॉक्टर की जली हुई लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई है। महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका जताई जा रही है। डॉक्टर की जली हुई लाश शहर के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास मिली थी। इस घटना के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोश है और सोशल मीडिया पर भी काफी उबाल है। जानकारी के अनुसार, हत्या से पहले पीड़िता ने अपनी बहन को फोन किया था। इसके बाद फोन बंद हो गया और उसकी जली हुई लाश पुलिस ने बरामद की। अब यहां के रंगारेड्डी इलाके के स्थानीय लोगों ने पीड़िता डॉक्टर को न्याय दिलाने के लिए कैंडिल मार्च निकालने का ऐलान किया है।
पुलिस दो लोगों से कर रही पूछताछ
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टर की हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए हैदराबाद पुलिस ने एक लॉरी चालक और उसके सहायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों ही आंध्रप्रदेश के अनंतपुर के रहने वाले हैं। इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। मौके पर पहुंचे स्थानीय डिप्टी कमिश्नर प्रकाश रेड्डी ने बताया कि महिला चिकित्सक की हत्या में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं को देखते हुए जांच की जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक वेटरनरी डॉक्टर प्रियंका रेड्डी बुधवार को अपने घर शम्शाबाद से कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थीं | वहां से जब वह वापस लौट रही थीं तो शाम करीब 6 बजे टोल प्लाजा के पास उनकी स्कूटी पंचर हो गई उसके बाद प्रियंका ने मदद के लिए अपने परिचतों को फोन लगाया कि उनकी स्कूटी पंक्चर हो गई है | इसके बाद प्रियंका ने अपनी बहन को फोन किया और इसकी जानकारी दी प्रियंका ने अपनी बहन से कहा कि मुझे डर लग रहा है | इस पर बहन ने प्रियंका को टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की सलाह दी थी | प्रियंका रेड्डी ने कहा कि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करती हूं | इसके बाद प्रियंका का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया | उसके बाद परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के पास प्रियंका की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली | सुबह शादनगर के अंडरपास के पास उसकी जली हुई लाश मिली|
