
रायपुर : छत्तीसगढ़ की बेटियों ने 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राजधानी रायपुर के चौथी वाहिनी, माना कैंप स्थित अत्याधुनिक शूटिंग रेंज में 11 से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रायपुर की शिफा ख्वाजा और सानवी श्रीवास ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

रायपुर के सड्डू निवासी शिफा ख्वाजा ने 50 मीटर प्रोन स्पर्धा में शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। अपनी सफलता का श्रेय शिफा ने अपनी कोच शक्ति चंद्र, निशांत झा और अपने माता-पिता को दिया। शिफा के पिता अफरोज ख्वाजा, जो अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से जुड़े हैं, ने कहा कि बेटी की यह सफलता उसकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

वहीं, प्रतियोगिता में सानवी श्रीवास ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर कुल पाँच पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने भी प्रदेश के खेल जगत में नई उम्मीद जगाई है और युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणा पेश की है।छत्तीसगढ़ रायफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम (IPS), एस.एस. परिहार, NRDA के पूर्व सीईओ बजाज तथा जिंदल पावर के प्रमुख शाह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छत्तीसगढ़ की बेटियां निशानेबाजी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही हैं।





