
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव में पति-पत्नी के बीच शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, लेकिन बची हुई शराब को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने पत्नी पर हमला कर दिया। घटना के बाद उसने खुद ही गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति परदेसी धनवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।






