
दिल्ली : दिल्ली में दिन भर से जारी हुड़दंग के बीच राहत भरी खबर आई है,कि मेट्रो चल पड़ी है|आम यात्रियों के अलावा प्रदर्शनकारी भी ठसा-ठस नज़र आ रहे है|दरअसल,दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया है और कॉकरोच जनता पार्टी का मंच भी खाली करा लिया गया है. इस बीच बीजेपी सूत्रों का कहना है,कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई है. संसद भवन, कनॉट प्लेस से भी प्रदर्शनकारी हटा दिए गए हैं|
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने के बावजूद प्रदर्शन के दौरान हालात पूरी तरह नियंत्रण में नहीं दिखे। जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक जैसे संवेदनशील इलाकों में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। सुरक्षा घेरा दिल्ली पुलिस की दो परतों और अर्धसैनिक बलों की एक परत से तैयार किया गया था। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीमें भी 24 घंटे अलर्ट पर तैनात थीं।
इसके बावजूद प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि,बाद में कनॉट प्लेस में हालात सामान्य हो गए और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया गया, लेकिन सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इधर, पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बैरिकेडिंग के पास तैनाती के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया, जिसमें कई जवान चोटिल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई।



