
ओडिशा के बालेश्वर जिले के सोरो क्षेत्र में मानसून के साथ सर्पदंश के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार बारिश से सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 124 से अधिक लोग सांप के काटने के बाद अस्पताल पहुंचे हैं। कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बालेश्वर जिला मुख्य अस्पताल रेफर किया गया है। हाल के दिनों में घर में सोते समय, सुबह पूजा के लिए फूल तोड़ते हुए और घर के आसपास टहलने के दौरान भी सर्पदंश की घटनाएं सामने आई हैं।

अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में ही 18 से ज्यादा नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, अंधेरे में टॉर्च लेकर निकलने और सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है, ताकि समय पर एंटी-स्नेक वेनम देकर मरीज की जान बचाई जा सके।






