
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए भारतीय युवाओं की क्षमता की सराहना की। उन्होंने निजी अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के सफल रॉकेट प्रक्षेपण का उल्लेख करते हुए कहा कि कंपनी की टीम की औसत उम्र महज 28 वर्ष है और ऐसे युवा भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा, “मैं 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा हूं,” जिसे विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ समय में भारत ने अंतरिक्ष समेत कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और देश के युवाओं की प्रतिभा पूरी दुनिया के सामने आई है। उन्होंने मानसून सत्र के सुचारु संचालन की उम्मीद जताते हुए कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा का सर्वोच्च मंच है, जहां हर सांसद को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने नए और युवा सांसदों को भी अधिक अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया।





