
कोलकाता : देश में स्कूलों की बढ़ती तादाद के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताजनक माहौल ने लाखों अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ा दी है|चिंताजनक पहलू यह है,कि स्कूली बच्चों की सुरक्षात्मक आवाजाही अभी तक सुनिश्चित नहीं हो पाई है| देश के कई राज्यों से स्कूली वैन के दुर्घटना ग्रस्त होने के मामले गाहे-बगाहे सामने आते ही रहते है| इस कड़ी में ताज़ा मामला,बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से सामने आया है,आज शुक्रवार सुबह-सुबह एक रेल हादसे में स्कूल वाहन अचानक यात्री ट्रेन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में दो छात्रों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत और आधा दर्जन से ज़्यादा छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है| हादसे की ख़बर के बाद इलाके में मातम छा गया है|

बताया जाता है,कि रेलवे फाटक खुला देख,एक चालक पटरी से स्कूल वैन लेकर गुजर रहा था,तभी ट्रैन आ गई,स्कूल वैन के मौके पर ही परखच्चे उड़ गए | इस हादसे को जिसने भी देखा,उसकी आंखे फटी की फ़टी रह गई | जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल अंतर्गत मुर्शिदाबाद के बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित लेवल क्रासिंग पर घटित हुई। मृतकों में स्कूल वैन में सवार दो छात्र और एक साइकिल सवार शामिल बताए जाते हैं। यह भी बताया जाता है,कि एक निजी स्कूल वैन आज सुबह छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी|

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,”रेल गेट” खुला होने के कारण स्कूल वैन अपनी रफ़्तार से लेवल क्रासिंग पर आ गई| इसी दौरान,सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में ये स्कूल वैन आ गई | बताया जाता है,कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।मौके पर मची अफ़रा-तफरी के दौरान बताया जा रहा है, कि वाहन में चालक समेत आठ छात्र सवार थे। स्थानीय लोगों का कहना है,कि रेलवे क्रॉसिंग में पहले एक अप लाइन ट्रेन गुजरने तक रेलवे फाटक बंद था। उसके बाद फाटक खोल दिया गया, लेकिन दूसरी लाइन से ट्रेन आने के बावजूद फाटक खुला रहने के कारण राहगीर भ्रमित हो गए| उनके मुताबिक, रेलवे के गेटमैन ने भी ख़तरे को लेकर कोई कदम नहीं उठाए,अब गेटमैन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।उधर,हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पीड़ितों को राहत प्रदान की | स्कूल वैन में फंसे छात्रों को बाहर निकाला गया। लोगों ने घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लाक अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई| यह भी बताया जाता है,कि गंभीर रूप से घायल छात्रों को बाद में मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। फ़िलहाल,घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर दुर्घटना का जायज़ा ले रहे है | पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।






