
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना में बड़ा बदलाव किया है। 1 अगस्त से राजधानी में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य होगा। सरकार ने कार्ड में कई नए सुरक्षा फीचर जोड़े हैं, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं तक ही पहुंचे और किसी तरह के फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके। नई व्यवस्था के तहत एक ही पिंक सहेली कार्ड से एक ही बस में दोबारा मुफ्त टिकट जारी नहीं किया जाएगा।

डीटीसी के मुताबिक, जब कोई महिला बस में पिंक सहेली कार्ड को ई-टिकटिंग मशीन (ETM) पर टैप कर मुफ्त टिकट लेगी, तो उसी बस में उसी कार्ड से दूसरी बार टिकट नहीं मिलेगा। हालांकि, यदि यात्री दूसरी डीटीसी या क्लस्टर बस में सफर करती हैं, तो उसी कार्ड से वहां मुफ्त टिकट लिया जा सकेगा। यह नियम केवल एक ही बस में एक कार्ड के बार-बार इस्तेमाल को रोकने के लिए लागू किया गया है। इसके अलावा अब मुफ्त टिकट पर महिला यात्री का नाम, बोर्डिंग प्वाइंट और डेस्टिनेशन भी दर्ज होगा, जिससे यात्रा का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।

दिल्ली सरकार ने बताया कि 1 अगस्त से बिना वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के मुफ्त बस यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। राजधानी में कार्ड बनवाने के लिए 50 अधिकृत केंद्र बनाए गए हैं और अब तक करीब 15 लाख महिलाओं को यह कार्ड जारी किया जा चुका है। सरकार ने पात्र महिलाओं से समय रहते अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की अपील की है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाती रहें।




