
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बादल छाए हैं और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ और कुसमी में सबसे अधिक 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि चांदो, पटना, समरी, बलरामपुर, अंबिकापुर और अन्य इलाकों में भी अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम अगले दो दिनों तक और मजबूत असर दिखा सकता है। इसे देखते हुए रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, धमतरी, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बस्तर, सरगुजा और अन्य कई जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।




